रामधारी सिंह दिनकर इस्लाम पर
रामधारी सिंह 'दिनकर' ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक 'संस्कृति के चार अध्याय' में इसका विस्तृत जवाब दिया है। रामधारी सिंह दिनकर ने इस विषय में कुछ महत्वपूर्ण बातों को लिखा है-
1) जब इस्लाम आया उसे इस देश में फैलने में देर नहीं लगी। तलवार के भय अथवा पद के लोभ से तो बहुत थोड़े ही लोग मुसलमान हुए, ज्यादा तो ऐसे ही थे, जिन्होंने इस्लाम का वरण स्वेच्छा से किया। बंगाल, कश्मीर और पंजाब में गाँव-के-गाँव एक साथ मुसलमान हो गए। शहरों के किनारों पर जो अछूत लोग बसते थे, उन्हें मुसलमान बनाने के किसी खास आयोजन की आवश्यकता नहीं हुई। ये अछूत शहरों के भीतर नहीं बस सकते थे, जहाँ ऊँची जातियों का प्राधान्य था और ये ऊँची जातियाँ अछूतों को पशु से हीन समझती थीं। सच पूछिए तो मुसलमानों के आगमन से पूर्व ही, इस देश में बहुत से हिन्दू वर्णाश्रम-धर्म को छोड़ एक ऐसी जगह पर जा खड़े थे, जहाँ वर्णाश्रम का कोई प्रभाव नहीं था। वे जात-पाँत को नहीं मानते थे। तीर्थ-व्रत और प्रतिमा पूजन में उनका विश्वास नहीं था। वे शून्य, अलख निरंजन या निराकार की उपासना करते थे। ऐसे विश्वासवालों का जब इस्लाम से सामना हुआ होगा, तब अजब नहीं कि उन्हें हिन्दुत्व की अपेक्षा इस्लाम ही अधिक अनुकूल दिखाई पड़ा हो। [पृष्ठ 246 से 247]
2) इस्लाम के इस क्षिप्र - प्रसार पर इतिहास आश्चर्य करता आया है और लोग कहते आए हैं कि यह प्रसार इतनी जल्दी इसलिए हुआ कि इस्लाम की सहायिका तलवार थी । खड्गवाद के साथ इस्लाम का सम्बन्ध इतना गहरा समझा जाता है। [पृष्ठ 259]
3) खास करके, आरम्भ से ही, उन्होंने इस बात पर काफी जोर दिया कि इस्लाम में दीक्षित हो जाने के बाद, आदमी-आदमी के बीच कोई भेद नहीं रह जाता है। इस बराबरीवाले सिद्धान्त के कारण इस्लाम की लोकप्रियता बहुत बढ़ गई। [पृष्ठ 261]
4) अपने आरम्भिक दिनों में इस्लाम क्रान्तिकारी धर्म था। वह मनुष्यों को अन्धविश्वास से बचाता था, दार्शनिक उलझनों से दूर रखता था और ईश्वर को छोड़कर अन्य किसी भी शक्ति के सामने मस्तक झुकाने से इनकार कर देने की शिक्षा देता था। सबसे बड़ी बात यह थी कि जो भी मुसलमान हो जाते थे, उन्हें अमीर से अमीर मुसलमान भी अपना सच्चा धर्मबन्धु समझते थे और अपनी बराबरी का दर्जा देते थे। इससे उन दिनों जहाँ-जहाँ इस्लाम पहुँचा, वहाँ के समाज में भारी क्रान्ति मच गई और मनुष्य अपने मस्तक को ऊँचा उठाकर चलने लगा। [पृष्ठ 263]
5) अरब सौदागरों का पहला बेड़ा भारतीय तट पर 636 ई . में आया था , इसका प्रमाण मिलता है । सिन्ध पर मुहम्मद बिन कासिम की चढ़ाई 712 ई . में हुई । किन्तु , भारत के पश्चिमी तट पर अरब सौदागर बहुत पहले से आ रहे थे और मोपला लोगों ने तभी इस्लाम कबूल किया था । किन्तु , ये धर्म - परिवर्तन , प्रायः , स्वेच्छा से किए गए थे , जबर्दस्ती के कारण नहीं। [पृष्ठ 264]
6) भारत में मुसलमानी अत्याचार भयानक रहा, तो तत्कालीन राजपूती वीरता की कहानी भी कुछ कम लोमहर्षक नहीं है। कम से कम, राजपूतों के प्रसंग में तो यह कहा ही जा सकता है कि वे तुर्कों की तलवार को कुछ नहीं समझते थे। और सच भी यही है कि मुसलमान तलवार के जोर से नहीं बढ़े, भारतवासियों ने उनका सामना ही नहीं किया। इसी प्रकार, इस्लाम भारत में केवल खड्ग-बल से नहीं फैला। हिन्दू समाज में वेद-विरोधी आन्दोलन इस्लाम के उदय से, कम से कम, एक हजार वर्ष पहले ही छिड़ चुका था और बहुत से लोग वेद , ब्राह्मण , प्रतिमा और व्रत-अनुष्ठानों में विश्वास खो चुके थे। धर्म परिवर्तन के अधिक आसान शिकार ये ही लोग हुए। इस्लाम ने बहुत से ऐसे लोगों को भी अपने वृत्त में खींच लिया जो अछूत होने के कारण अपमानित हो रहे थे। [पृष्ठ 264]
7) ये लोग प्रायः, नगर के भीतर बसने नहीं दिए जाते थे और बाहर से जब वे नगर में आने लगते, तब उन्हें फटे हुए बाँस को पटककर अपने आगमन की सूचना देते हुए चलना पड़ता था, जिससे ऊँची जात के लोग उनकी छाया से बच सकें। इस्लाम ने जब उदार आलिंगन के लिए अपनी बाँहें इन अन्त्यजों और ब्राह्मण-पीड़ित जातियों की ओर बढ़ाई,- ये जातियाँ प्रसन्नता से मुसलमान हो गईं।
कश्मीर और बंगाल में तो लोग झुंड के झुंड मुसलमान हुए। इन्हें किसी ने लाठी से हाँककर इस्लाम के घेरे में नहीं पहुँचाया, प्रत्युत, ये पहले से ही ब्राह्मण-धर्म से चिढ़े हुए थे। [पृष्ठ 303]
8) मुगल सम्राट् अकबर ने जिस उदारता का परिचय दिया, उसके बीज बाबर के ही हृदय में मौजूद थे। बाबर ने हुमायूँ के लिए एक 'वसीयतनामा' लिखा था, जिसमें हुमायूँ को उसने ये उपदेश दिए थे-
" हिन्दुस्तान में अनेक धर्मों के लोग बसते हैं। भगवान् को धन्यवाद दो कि उन्होंने तुम्हें इस देश का बादशाह बनाया है। तुम तअस्सुब से काम न लेना, निष्पक्ष होकर न्याय करना और सभी धर्मों की भावना का खयाल रखना। गाय को हिन्दू पवित्र मानते हैं, अतएव, जहाँ तक हो सके गोवध नहीं करवाना और किसी भी सम्प्रदाय के पूजा के स्थान को नष्ट नहीं करना।"
[पृष्ठ 319-320]
__________
Comments
Post a Comment